
मेरे प्रिय दीक्षा, आश्रित, आकांक्षी, शिक्षा, प्र-शिष्यों और शुभचिन्तकों,
कृपया मेरे यथोचित आशीर्वाद, शुभेच्छाएँ और प्रणाम स्वीकार करें।
श्रील प्रभुपाद की जय।
मेरे मुख्य केन्द्र श्री मायापुर चन्द्रोदय मंदिर से लिखा गया
दिनांक: १ फरवरी २०२६
मुख्य बिंदु
आज पूर्णिमा है, और अगली पूर्णिमा भगवान् चैतन्य महाप्रभु का प्राकट्य दिवस होगी। श्री मायापुर-धाम उत्सव के लिए तैयार हो रहा है। हाल ही में, हमने अद्वैत सप्तमी, वराह द्वादशी, और नित्यानंद त्रयोदशी मनाई।
आज मेरा स्टेरॉयड उपचार से धीरे-धीरे बाहर आने का आठवाँ दिन है। नेफ्रोलॉजिस्ट की सलाह के अनुसार, मैं दो सप्ताह तक स्टेरॉयड की उच्च खुराक पर था, और अब उन्हें धीरे-धीरे कम किया जा रहा है। इस समय के दौरान, मैं रात में अधिक सो नहीं सका, जो कि दवा के दुष्प्रभावों में से एक है, जिसके बारे में मुझे पहले ही बताया गया था। इसलिए मैं उन निर्देशों के बारे में सोच रहा था जो श्रील प्रभुपाद ने मुझे दिए थे और यह भी कि किस प्रकार कृष्णभावनामृत को असीमित रूप से फैलाया जाए। श्रील प्रभुपाद कभी-कभी मुझे रात १:०० या २:०० बजे कुछ बताने के लिए फोन किया करते थे। इसलिए अब मैं कभी-कभी रात के मध्य में या सुबह जल्दी, जब भी विचार आते हैं, संदेश बोलकर लिखवाता हूँ, और उन्हें अपने पत्राचार सचिव को भेज देता हूँ। मुझे नहीं पता कि मेरे पास कितना समय शेष है, इसलिए मैं श्रील प्रभुपाद की सेवा करने और उन्हें प्रसन्न करने का कोई भी अवसर छोड़ना नहीं चाहता। मैं अधिक दक्ष होने के लिए विभिन्न सचिवालयों और समन्वयकों को भी संगठित करने का प्रयास कर रहा हूँ।
श्रील प्रभुपाद का संदेश
श्रील प्रभुपाद ने कई बार भक्तों के तीन प्रकारों या भक्ति मंच की तीन अवस्थाओं—कनिष्ठ-अधिकारी, मध्यम-अधिकारी, और उत्तम-अधिकारी—का उल्लेख किया है। उत्तम-अधिकारी या महा-भागवत सर्वोच्च होते हैं।
“कनिष्ठ-अधिकारी, या वैष्णव जीवन की सबसे निचली अवस्था में स्थित भक्त की श्रद्धा दृढ़ होती है, परंतु वह शास्त्रों के निष्कर्षों से परिचित नहीं होता। दूसरी अवस्था का भक्त, मध्यम-अधिकारी, शास्त्रीय निष्कर्ष से पूर्णतः अवगत होता है और अपने गुरु तथा भगवान् में उसकी दृढ़ श्रद्धा होती है। इसलिए वह अभक्तों से बचते हुए, निर्दोषों को उपदेश देता है। किंतु महा-भागवत या उत्तम-अधिकारी, जो भक्तिमय जीवन की सर्वोच्च अवस्था में स्थित भक्त होता है, किसी को भी वैष्णव सिद्धांतों के विरुद्ध नहीं देखता, क्योंकि वह स्वयं को छोड़कर सभी को वैष्णव मानता है।” (चै. च. आदि ७.५१ तात्पर्य)
“तो प्रत्येक व्यक्ति में महा-भागवत बनने का सामर्थ्य है, बशर्ते वह प्रयास करे। साधन-सिद्ध और नित्य-सिद्ध। तो प्रह्लाद महाराज नित्य-सिद्ध हैं, और साधन-सिद्ध भी होते हैं, जैसे कि हम हैं। हम भजन द्वारा, साधना द्वारा, जीवन के सर्वोच्च लक्ष्य की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। तो कोई भी महा-भागवत की अवस्था तक आ सकता है, बशर्ते वह महाजन का अनुसरण करे।” प्रवचन, श्रीमद् भागवतम् ७.९.४, ११ फ़रवरी १९७६, मायापुर।
मेरा संदेश
कभी-कभी शिष्य अपनी समस्याओं और कष्टों के बारे में मुझे लिखते हैं। वे निराश हो जाते हैं, यह सोचते हुए कि भक्तिमय सेवा का अभ्यास करने के बावजूद वे कठिनाइयों का सामना क्यों कर रहे हैं। किंतु भक्तिमय सेवा का लक्ष्य कृष्ण को प्रसन्न करना है। हम भगवान् कृष्ण के पास वापस जाना चाहते हैं। जब तक हम भौतिक संसार में हैं, ये बातें अपरिहार्य हैं। परंतु हमें महा-भागवत के स्तर तक आना है। हमें माया के साथ अपना युद्ध लड़ना है और विजयी होना है।
इसलिए, कठिनाइयों के समय में वास्तव में कृष्ण पर निर्भर होना, कृष्ण की शरण लेना, हमारे लिए सर्वोत्तम प्रशिक्षण है: अधिक तीव्रता से जप करना, पूर्ण ध्यान के साथ गायत्री मंत्र का जप करना, अधिक सावधानी से श्रवण करना, शास्त्रों का अध्ययन करना, और स्वयं को भक्तिमय सेवा में तल्लीन करना।
यदि हम कठिनाई के समय भगवान् कृष्ण पर निर्भर होना सीख लें, तो मृत्यु के समय, जब हम अपनी अंतिम परीक्षा का सामना करेंगे, हम सरलता से कृष्ण के समक्ष शरणागति कर देंगे, और तब हम कृष्ण के पास वापस चले जाएँगे।
श्रील प्रभुपाद चाहते थे कि हम उनकी पुस्तकों का प्रतिदिन अध्ययन करें और उन्हें वैसे ही पढ़ें और सीखें जैसे कोई वकील विधि की पुस्तकों का अध्ययन करता है। उन्होंने कहा कि हमें सब कुछ जानना चाहिए—अध्याय और श्लोक सहित।
मुझे विभिन्न शारीरिक समस्याएँ हैं। एक आयुर्वेदिक चिकित्सक ने विनम्रतापूर्वक मुझसे कहा कि मेरा शरीर रोगों का संग्रहालय है! किंतु मैं ५८ वर्षों से कृष्णभावनामृत का अभ्यास कर रहा हूँ, और विभिन्न सेवाएँ करने के लिए मैं अत्यंत उत्साही हूँ।
पिछले पखवाड़े में, मैंने हरे कृष्ण महा-मंत्र की ४१३ माला का जप किया, अर्थात् प्रतिदिन लगभग ३० माला। और श्रील प्रभुपाद की पुस्तकों को एक बार और पढ़ने के बाद, अब मैं प्रतिदिन हरि-भक्ति-विलास का अध्ययन कर रहा हूँ।
प्रेरणादायक कथाएँ
मुझे पुस्तक वितरण मैराथन माह के बारे में कई उत्साहवर्धक रिपोर्टें प्राप्त हुईं। मिशिगन में, मेरे शिष्यों संतुष्ट व्रजनाथ दास, तुलसी सुगोपि देवी दासी, और सच्चिदानंद गिरिधारी दास के नेतृत्व में, बच्चों सहित ३० गृहस्थ भक्तों के एक समूह ने दिसंबर में ११,६३१ पुस्तकों का वितरण किया। उन्होंने मिशिगन के सबसे बड़े आउटलेट मॉलों में से एक, ग्रेट लेक्स क्रॉसिंग मॉल में प्रतिदिन पुस्तकें वितरित कीं। चूँकि बाहर अत्यधिक ठंड थी, उन्होंने इस इनडोर अवसर का उपयोग पुस्तक वितरण के लिए किया। उन्होंने उल्लेख किया कि यह मुझे श्रील प्रभुपाद द्वारा प्रति माह १०,००० बड़ी पुस्तकों के वितरण के निर्देश से प्रेरित था। इसलिए उन्होंने सामूहिक रूप से यह सेवा, श्रील प्रभुपाद के निर्देशों को पूरा करने में मेरी सहायता के रूप में, करना चाही। (https://iskconnews.org/10000-book-sankirtan-challenge-surpassed-at-michigan-mall/)
एक अन्य शिष्या ने मुझे लिखा कि उसकी तीन वर्ष की एक पुत्री है, इसलिए वह बाहर जाकर शारीरीक रुप से पुस्तक वितरण नहीं कर सकी। अतः उसने १०८ भगवद् गीता प्रायोजन प्राप्त करने का संकल्प लिया, और अपने संपर्कों के माध्यम से वह ११८ भगवद् गीता का प्रायोजन प्राप्त कर सकी।
इस प्रकार, मुझे अनेक रिपोर्टें प्राप्त हुईं। यह अत्यंत प्रेरणादायक है कि भक्त पुस्तक वितरण के लिए विभिन्न तरीकों को खोजते हैं, और यह निश्चय ही श्रील प्रभुपाद को प्रसन्न करने वाला है।
अब, गौर पूर्णिमा महोत्सव निकट आ रहा है, और जीबीसी बैठकें ४ मार्च से प्रारंभ होंगी। शीघ्र ही, हमारे पास इतने सारे नेता और हज़ारों भक्त मायापुर में पहुँचेंगे। इस्कॉन के विश्व आध्यात्मिक मुख्यालय के रूप में, श्री मायापुर के भक्तों को सभी आगंतुक भक्तों का स्वागत करना चाहिए और उनकी सेवा करनी चाहिए।
जय निताई! जय गौर!
आपका सदैव शुभेच्छक,
जयपताका स्वामी
जेपीएस/आरआरएसडीबी
ऐप, वेबसाइट और सोशल मीडिया पेजों के लिए लिंक:
आईओएस ऐप:
https://apps.apple.com/us/app/id967072815
एंड्रॉइड ऐप:
https://play.google.com/store/apps/details?id=com.jayapatakaswami.jpsapp
आधिकारिक वेबसाइट:
https://www.jayapatakaswami.com
व्याख्यान (ऑडियो एवं लिप्यंतरण):
https://jayapatakaswamiarchives.net
यूट्यूब चैनल:
http://youtube.com/jayapatakaswamiofficial
🎶 साउंडक्लाउड (व्याख्यान एवं कीर्तन):
http://www.soundcloud.com/jayapatakaswami
फेसबुक:
http://www.facebook.com/Jayapatakaswami
टेलीग्राम चैनल:
https://t.me/JayapatakaSwami
व्हाट्सऐप चैनल:
https://whatsapp.com/channel/0029VaBTu8uIiRoqvPKige0G
इंस्टाग्राम पेज:
http://www.instagram.com/Jayapatakaswamionline